अल्मोड़ा-बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी विद्यालय अल्मोड़ा के कक्षा 11 एवं 12 जीव विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए सोमवार को मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा,स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों से अवगत कराना था।मेडिकल कॉलेज पहुँचने पर विद्यार्थियों का स्वागत कॉलेज के चिकित्सकों एवं संकाय सदस्यों द्वारा किया गया।इसके पश्चात विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को अस्पताल की कार्यप्रणाली, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों,मानव शरीर की संरचना,रोगों के निदान एवं उपचार की प्रक्रियाओं तथा चिकित्सा शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ विस्तारपूर्वक प्रदान कीं। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में अत्यधिक उत्साह,जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता का परिचय दिया तथा विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।विद्यालय की एकेडमिक निर्देशिका दीपिका विल्सन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके भविष्य के करियर चयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उप-प्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं सभी चिकित्सकों का विद्यार्थियों को उपयोगी एवं प्रेरणादायक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने मेडिकल कॉलेज,अल्मोड़ा के प्राचार्य, समस्त चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *