अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के दो छात्र गुटों के बीच चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कोतवाली में पहुंचकर सांकेतिक धरना और प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विरोधी गुट से जुड़े युवक छात्रों को धमकी दे रहे हैं जिसकी तहरीर पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।उन्होंने पुलिस पर भाजपा से जुड़े आरोपी छात्रों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए ताकि छात्रों में कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास बहाल हो सके। धरने में नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी,जिला प्रवक्ता निर्मल रावत,मदन डांगी,सुधांशु रौतेला,विपुल कार्की,प्रदीप बिष्ट सहित अन्य दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्राप्त तहरीर पर जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने स्पष्ट किया कि अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
