
अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मंगलवार को होटल जलाल पैलेस में हुआ।प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा तिलक लगाकर एवं पारंपरिक छोलिया वाद्य यंत्रों के साथ किया गया। इसके उपरांत सभी प्रशिक्षणार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें प्रशिक्षण सामग्री एवं भाजपा का पटका भेंट किया गया।प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने प्रशिक्षण स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काटकर किया।प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास,केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित अंत्योदय योजनाओं तथा सुशासन से संबंधित चित्र एवं जानकारी प्रदर्शित की गई।साथ ही वरिष्ठ नेताओं के प्रेरणादायी कथनों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।प्रशिक्षण वर्ग का गीत पूर्व विधायक कैलाश शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया,जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता की। वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट ने प्रशिक्षण वर्ग की रीति-नीति एवं अनुशासन संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए सभी से उनका पालन करने का आग्रह किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष किया गया। प्रथम सत्र में मंचासीन अतिथियों में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट, प्रशिक्षण अभियान के सह संयोजक प्रदीप बिष्ट, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, जिला सह प्रभारी दीपिका बोहरा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैंडा, मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा तथा दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट उपस्थित रहे।इस अवसर पर विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए जा रहे मार्गदर्शन से कार्यकर्ता संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान देंगे।वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन का पालन करते हुए प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ लेने का आग्रह किया।प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता कुंदन परिहार ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण केवल बैठक या कार्यशाला नहीं,बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक निर्माण का माध्यम है।उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं ने तीन पीढ़ियों के संघर्ष और तपस्या से पार्टी को आज इस ऊंचाई तक पहुंचाया है।उन्होंने वर्तमान समय में सोशल मीडिया एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इन माध्यमों का सकारात्मक उपयोग संगठन को सशक्त बनाने में किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भारत एक सांस्कृतिक राष्ट्र है और भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है।पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन को आधार मानते हुए भाजपा सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास एवं सबका प्रयास की अवधारणा को आगे बढ़ा रही है।उन्होंने पार्टी की पांच निष्ठाओं राष्ट्रवाद,लोकतंत्र, समतामूलक समाज की स्थापना,सर्वधर्म समभाव एवं मूल्य आधारित राजनीति को भाजपा की मूल विचारधारा बताया।द्वितीय सत्र की अध्यक्षता रमेश बहुगुणा ने की। इस सत्र के मुख्य वक्ता प्रदीप बिष्ट ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ भाजपा आज एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर रही है और देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी की सरकारें विकास का नया अध्याय लिख रही हैं।इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन का समाचार प्राप्त होने पर प्रशिक्षण वर्ग को शोक स्वरूप स्थगित कर दिया गया।पूर्व सांसद बलराज पासी ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी के सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक योगदान को याद किया।इसके उपरांत सभी कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रशिक्षण वर्ग का समापन किया गया।


