


अल्मोड़ा-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा ग्रामीण मंडल के ग्राम बिरोड़ा में बाल विकास परियोजना हवालबाग की ओर से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने प्रतिभाग कर आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों से आत्मीय संवाद किया।इस दौरान कुंदन लटवाल ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य,स्वच्छता,प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पण भाव से कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।कुंदन लटवाल ने कहा कि स्वस्थ, संस्कारित और शिक्षित बचपन ही सशक्त समाज की मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से बाल विकास को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियां इन योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा,संवेदना और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है।बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
