पिथौरागढ़-भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई।जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला तहसील के अंतर्गत छारछुम गांव और नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव को जोड़ने वाले भारत नेपाल मैत्री पुल (छारछुम मोटर पुल) का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से पुल का लोकार्पण किया।इस अवसर पर छारछुम ब्रिज पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई,पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीआईजी एसएसबी एस सुब्रमणियम,कमिश्नर कस्टम्स मयंक शर्मा तथा नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।पुल के शुभारंभ को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।मोटर पुल के रूप में मिली इस सौगात से क्षेत्रवासी खुशी से झूम उठे। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से नृत्य एवं गायन के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया।इस दौरान क्षेत्रवासियों ने छारछुम मोटर पुल की सौगात मिलने पर भारत सरकार एवं नेपाल सरकार का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह पुल सीमांत क्षेत्र के विकास और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी संपर्क को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 110 मीटर लंबा यह मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को नई मजबूती और ऊर्जा मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्रवासियों के लिए विकास और बेहतर संपर्क का नया मार्ग प्रशस्त करेगा।नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि इस पुल के संचालन से क्षेत्रीय लोगों को बड़े आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलेंगे।पहले यहां के लोग झूला पुलों से आवाजाही करते थे,अब पुल के संचालन से गाड़ियों से आवाजाही होगी और लोगों का समय बचेगा तथा आर्थिकी को गति मिलेगी।उल्लेखनीय है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड क्षेत्र में भारत और नेपाल के बीच निर्मित दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पूर्व बनबसा में भारत-नेपाल के बीच मोटर पुल के माध्यम से आवागमन संचालित होता है। छारछुम पुल के शुभारंभ से सीमांत क्षेत्र में संपर्क सुविधा सुदृढ़ होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *