अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा की ओर से चौघानपाटा स्थित मयंक पैलेस में शक्ति केंद्र सम्मेलन का आयोजन किया गया।सम्मेलन में उत्तराखंड राज्य निर्माण का गौरवशाली इतिहास,राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष एवं बलिदान,राज्य निर्माण में भारतीय जनता पार्टी की भूमिका,प्रदेश की विकास यात्रा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलख्वाल ने अपने संबोधन में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के विभिन्न ऐतिहासिक पहलुओं, आंदोलन की पृष्ठभूमि और राज्य निर्माण की परिस्थितियों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मांग केवल प्रशासनिक पुनर्गठन की मांग नहीं थी,बल्कि यह पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों, सामाजिक चुनौतियों, सांस्कृतिक पहचान,स्थानीय संसाधनों पर अधिकार और क्षेत्रीय विकास की आकांक्षाओं से जुड़ा जनआंदोलन था।उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों, रोजगार के सीमित अवसरों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, पलायन और विकास की असमानता ने अलग राज्य की आवश्यकता को और अधिक मजबूत किया।इस मांग को लेकर मातृशक्ति,युवाओं,पूर्व सैनिकों,सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक संघर्ष किया।गोविन्द पिलख्वाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका विशेष रूप से ऐतिहासिक रही है। महिलाओं ने घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान अनेक आंदोलनकारियों ने लाठियां खाईं, जेल यात्राएं कीं और अपने प्राणों तक का बलिदान दिया।मुजफ्फरनगर कांड सहित आंदोलन के विभिन्न संघर्षपूर्ण प्रसंग उत्तराखंड के इतिहास में सदैव याद रखे जाएंगे।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को लगातार राजनीतिक मंचों पर उठाया और राष्ट्रीय स्तर पर इसे प्रमुखता दिलाई। वर्ष 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नए राज्यों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और अंततः 9 नवंबर 2000 को उत्तरांचल राज्य का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करना और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखंड के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राज्य आंदोलन के इतिहास और उसके मूल उद्देश्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं तथा विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने अपने संबोधन में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक मजबूती उसके बूथ और शक्ति केंद्रों की सक्रियता से निर्धारित होती है।उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र केवल संगठनात्मक संरचना का हिस्सा नहीं हैं,बल्कि सरकार, संगठन और आम जनता के बीच संवाद एवं संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रत्येक शक्ति केंद्र के संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक एवं पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर संपर्क बनाए रखें और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करें।रवि रौतेला ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय रहना चाहिए। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना, नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ना, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाना तथा बूथ स्तर पर नियमित बैठकें करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन में संवाद, समन्वय, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। सभी कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से धरातल पर उतारें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से संगठन और अधिक मजबूत होगा।नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने अपने संबोधन में उत्तराखंड राज्य निर्माण में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण का इतिहास संघर्ष, जनभावनाओं, त्याग और बलिदान का इतिहास है। राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष के कारण आज हमें अपनी अलग पहचान, संस्कृति और अस्मिता के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिला है।उन्होंने कहा कि अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को राजनीतिक रूप से मजबूती प्रदान करने और इसे राष्ट्रीय स्तर पर निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भाजपा ने अपने राजनीतिक संकल्प के माध्यम से अलग राज्य की मांग को निरंतर उठाया।अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड राज्य गठन का निर्णय लिया जाना प्रदेश की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को साकार करने वाला ऐतिहासिक कदम था।विनीत बिष्ट ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड के साथ झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे नए राज्यों का गठन हुआ। यह निर्णय देश के संघीय ढांचे में क्षेत्रीय आकांक्षाओं और स्थानीय विकास की जरूरतों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण उदाहरण बना। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य निर्माण के समय से ही उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है।उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, रेल, हवाई संपर्क, धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों का विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।नगर अध्यक्ष ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह अपने राज्य के अतीत को समझने, वर्तमान का मूल्यांकन करने और भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि आज भी पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं जैसी चुनौतियां हमारे सामने हैं। इन चुनौतियों का समाधान सरकार, संगठन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करें तथा सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री दिनेश मठपाल ने किया। उन्होंने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने शक्ति केंद्रों की संगठनात्मक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय आवश्यक है। सम्मेलन मे अल्मोड़ा विधानसभा के विस्तारक धीरज रौतेला,पूनम पालीवाल,अमित साह, सुधीर कुमार,नीरज सांगा,महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी,जगदीश चौहान, मनोज तिवारी,बीना नयाल, रुबीना,आशीष जोशी,कृष्ण बहादुर सिंह,मीना नेगी,शक्ति केंद्र संयोजक मनोज सनवाल,रजा अली अंसारी, प्रीति रस्तोगी,कविता साह, नगर मंत्री दीपा अधिकारी, सुनीता जोशी,विपिन बिष्ट, ममता साह,आशीष गुरुरानी, पूनम त्रिपाठी,जगत तिवारी, जगमोहन बिष्ट,जगदीश नगरकोटी,दीपिका बिष्ट, कमल वर्मा,आनंद भोज, पुष्कर बिष्ट,अभिषेक जोशी, शुभम रौतेला,पारस कांडपाल सहित भाजपा नगर मंडल के अनेक पदाधिकारी,वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं विभिन्न शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *