अल्मोड़ा-नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच कांग्रेस जिला महासचिव गीता मेहरा ने कड़ा पलटवार किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए सबसे अधिक कार्य कांग्रेस सरकारों के समय में ही हुए हैं।गीता मेहरा ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का आत्ममंथन करे। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भी भाजपा केवल सहानुभूति लेने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।पंचायतों और शहरी निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल कांग्रेस सरकार ने ही की थी, जिससे लाखों महिलाएं राजनीति में आईं और नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा महिलाओं की शिक्षा,स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं कांग्रेस के समय में शुरू की गईं।गीता मेहरा ने यह भी कहा कि आज भी देश में महिला सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है, लेकिन भाजपा सरकार इस पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे समयबद्ध तरीके से लागू करना और महिलाओं को वास्तविक लाभ पहुंचाना अधिक जरूरी है।अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी, जबकि भाजपा केवल मुद्दों को भटकाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
