अल्मोड़ा-नगर और आसपास के क्षेत्रों में बंदरों तथा तेंदुओं के बढ़ते आतंक और आए दिन लोगों पर हो रहे हमलों के खिलाफ अब आवाज बुलंद होने लगी है।लंबे समय से बंदरों के आतंक से परेशान जनता और तेंदुओं के हमलों में घायल हो रहे लोगों की पीड़ा को लेकर पूर्व सभासद एवं जन अधिकार मंच के संयोजक त्रिलोचन जोशी ने मोर्चा खोल दिया है।उन्होंने इस गंभीर जनसमस्या के खिलाफ आगामी 2 दिसंबर को चौघानपाटा में एक बैठक आयोजित करने का ऐलान करते हुए नगर की जनता से सुबह 12.30 बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आम जनता कब तक बंदरों और तेंदुओं के आतंक के साये में जीने को मजबूर रहेगी? कब तक लोग घायल होते रहेंगे और कब तक उनकी समस्याओं पर जिम्मेदार लोग मौन साधे रहेंगे? जनता की सुरक्षा से जुड़ा यह मुद्दा अब केवल शिकायतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए संगठित होकर निर्णायक आवाज उठाने की जरूरत है।पूर्व में नगरपालिका अध्यक्ष का चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ चुके त्रिलोचन जोशी इससे पहले भी जनहित के कई मुद्दों को लेकर मुखर रहे हैं। पूर्व में उनके द्वारा अनेक जन आंदोलनों पर भी जोरदार तरीके से जनता की आवाज उठाई गई है। अब उन्होंने बंदरों और तेंदुओं के आतंक के खिलाफ जनसंगठन की पहल की है।
त्रिलोचन जोशी ने स्पष्ट किया कि 2 दिसंबर को होने वाला विरोध किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि बंदरों और तेंदुओं के आतंक से त्रस्त जनता की सुरक्षा और अधिकारों के लिए होगा। उन्होंने कहा कि अब अपने हक-हकूक की लड़ाई लड़ने का वक्त आ गया है। जब आम आदमी की पीड़ा अनसुनी होने लगे तो जनता को खुद एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ती है।उन्होंने नगरवासियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस जनहित के आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *