अल्मोड़ा-नगर के अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक सड़क की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। मंगलवार को मार्ग के 210 मीटर हिस्से में पेंच वर्क का कार्य प्रारंभ किया गया।लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग कर रहे पार्षद वैभव पांडे के प्रयासों के बाद कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पार्षद ने पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक का मार्ग नगर के महत्वपूर्ण रास्तों में शामिल है। सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए पार्षद वैभव पांडे ने कई बार जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर मार्ग की मरम्मत का मुद्दा उठाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद कम समय में ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो सका।पार्षद वैभव पांडे ने सड़क मरम्मत का कार्य शुरू होने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी से कई बार मुलाकात कर जनहित में इस मार्ग को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया था।जिलाधिकारी ने जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप कार्य जल्द शुरू हो पाया।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।सड़क की मरम्मत शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए राहत की बात है।उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होगा, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।सड़क पर पेंच वर्क के चलते निर्माण कार्य पूरा होने तक अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक संबंधित मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।सड़क मरम्मत शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति सुधरने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों की अपेक्षा है कि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके। पूजा अर्चना में टम्टा मोहल्ला की पार्षद नेहा टम्टा और स्थानीय लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *