
अल्मोड़ा-जैसे-जैसे 2027 विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं,वैसे-वैसे अल्मोड़ा विधानसभा सीट पर संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें भी बढ़ती जा रही हैं।टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता से लेकर चुनावी समीकरणों की चर्चाओं तक राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है।ऐसे में अल्मोड़ा सीट का पिछला चुनावी इतिहास भी खासा दिलचस्प है।राज्य गठन के बाद यहां कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस ने बाजी मारी है। 2002 में भाजपा के कैलाश शर्मा ने जीत दर्ज की तो 2007 में कांग्रेस के मनोज तिवारी ने बाजी पलट दी। 2012 में मनोज तिवारी ने अपनी जीत दोहराई, लेकिन 2017 में भाजपा के रघुनाथ सिंह चौहान ने 5,379 वोट के बड़े अंतर से सीट वापस छीन ली। इसके बाद 2022 में कांग्रेस के मनोज तिवारी ने भाजपा के कैलाश शर्मा को महज 127 वोट से हराकर फिर सीट अपने नाम कर ली। लगातार बदलते नतीजों और 2022 के बेहद करीबी मुकाबले ने 2027 के चुनाव को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।पिछले तीन चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2012 में कांग्रेस के मनोज तिवारी को 16,211 वोट मिले, जबकि भाजपा के रघुनाथ सिंह चौहान को 15,030 वोट मिले।दोनों के बीच 1,181 वोट का अंतर रहा।इस चुनाव में भाजपा के बागी उम्मीदवार कैलाश शर्मा को 6,582 और बसपा के शेखर लखचौरा को 6,781 वोट मिले।कई उम्मीदवारों के बीच वोट बंटने से मुकाबला बहुकोणीय रहा और कांग्रेस ने सीट अपने नाम की।2017 में चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई। भाजपा के रघुनाथ सिंह चौहान को 26,464 वोट मिले,जबकि मनोज तिवारी को 21,085 वोट मिले।भाजपा ने 5,379 वोट से जीत दर्ज कर पांच साल बाद सीट वापस हासिल कर ली। 2022 में मुकाबला फिर बेहद करीबी हो गया।कांग्रेस के मनोज तिवारी को 24,439 वोट मिले,जबकि भाजपा के कैलाश शर्मा को 24,312 वोट मिले।दोनों के बीच सिर्फ 127 वोट का अंतर रहा।यानी 2017 में 5,379 वोट से जीतने वाली भाजपा पांच साल बाद महज 127 वोट से पीछे रह गई।इस तरह 2012 में कांग्रेस की 1,181 वोट से जीत,2017 में भाजपा की 5,379 वोट से जीत और 2022 में कांग्रेस की सिर्फ 127 वोट से जीत ने अल्मोड़ा सीट के बदलते चुनावी समीकरण को साफ तौर पर सामने रखा।आंकड़े बताते हैं कि अल्मोड़ा में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला लगातार कड़ा रहा है और जीत का अंतर चुनाव-दर-चुनाव काफी बदलता रहा है। अब 2027 के विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ते हुए सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस 2022 की करीबी जीत को दोहरा पाएगी या भाजपा 2017 की तरह मजबूत वापसी करेगी। पिछले चुनावों का इतिहास बताता है कि यहां कुछ हजार वोटों का अंतर भी निर्णायक साबित हो सकता है और 2022 में तो जीत-हार का फैसला महज 127 वोट से हुआ था।ऐसे में आगामी चुनाव में उम्मीदवार की व्यक्तिगत पकड़,पार्टी संगठन की एकजुटता और छोटे-छोटे वोटों का रुख अल्मोड़ा की चुनावी बाजी तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
