अल्मोड़ा-अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने अपनी विस्तार यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अपनी 71वीं शाखा का शुभारंभ किया। गैलेक्सी होटल न्यू बस स्टैंड रुद्रप्रयाग में स्थापित इस आधुनिक शाखा का उद्घाटन 30 अक्टूबर को बद्री केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कफवान और व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक बीएस मेहता ने अतिथियों का स्वागत किया।उद्घाटन समारोह में बैंक के महाप्रबंधक बीएस मेहता ने बैंक की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि 14 अगस्त 1991 को महज 2.56 लाख रुपये की पूंजी और पांच कर्मचारियों के साथ शुरू हुए बैंक ने आज प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।वर्तमान में बैंक के लगभग पांच लाख खाताधारक हैं और बैंक का कुल व्यवसाय 6,500 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।बैंक अपने अंशधारकों को नौ प्रतिशत लाभांश भी प्रदान कर रहा है।उन्होंने बताया कि बैंक लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है।वर्तमान वित्तीय वर्ष में कनखल (हरिद्वार), मियांवाला और गोल मार्केट (देहरादून) में नई शाखाएं खोली जा रही हैं।वहीं आगामी वित्तीय वर्ष में 10 नई शाखाएं खोलने का प्रस्ताव है।बैंक अब तक 800 से अधिक प्रतिभावान बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करा चुका है तथा भविष्य में भी रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रयासरत है।बैंक की 71वीं शाखा अत्याधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से सुसज्जित है।इसमें सीबीएस,आरटीजीएस, एनईएफटी और मोबाइल बैंकिंग के साथ-साथ ग्राहकों को नेट बैंकिंग,एटीएम कार्ड और चेक बुक आवेदन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। महाप्रबंधक ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक से मोबाइल बैंकिंग सुविधा की अनुमति मिलने के बाद बैंक ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।शाखा के उद्घाटन के पहले ही दिन 100 से अधिक नए खाते खोले गए तथा 75 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जमा हुई।यह क्षेत्र के लोगों के बीच बैंक की सेवाओं के प्रति विश्वास और उत्साह को दर्शाता है।इस अवसर पर भरत भूषण,नरेंद्र ममगाईं, मुकीम,सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप मलासी,सम्मानित ग्राहक,शाखा प्रबंधक देवानंद पंत सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *