अल्मोड़ा-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर अल्मोड़ा में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित जागरूकता कार्यक्रम एवं वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय ने औषधीय पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और उनकी देखभाल से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती अनामिका सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मो. याकूब, सिविल जज आफिया मतीन तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट नवल सिंह बिष्ट सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं अधिकार मित्रों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया।इस अवसर पर इस पेड़ की जिम्मेदारी मेरी है अभियान के तहत पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।वहीं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनामिका सिंह के नेतृत्व में पाण्डेखोला बाईपास से हाइडिल गेट तक पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में श्रीकृष्णा विद्यापीठ एवं द बोधी ट्री पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया तथा वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया।कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता श्रीमती तुलसी जौहरी तथा अधिकार मित्र भी उपस्थित रहे।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता एवं वृक्षों के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *