अल्मोड़ा-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की रैली के स्थल को कथित रूप से गंगाजल से शुद्ध किए जाने की घटना के विरोध में शुक्रवार 14 अगस्त को प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा की ओर से भी व्यापक सत्याग्रह एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज के अनुसार अल्मोड़ा में कार्यक्रम 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से मार्च के रूप में होगी जिसके बाद निर्धारित स्थल पर पहुंचकर सत्याग्रह एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों,ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों,अग्रिम संगठनों,विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों,निर्वाचित एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक घटना के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता,बंधुत्व और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तथा अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *