अल्मोड़ा-डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा द्वारा उत्तराखंड ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान एवं इंडिया ताइक्वांडो के दिशा-निर्देशन में 9 एवं 10 मई को आयोजित दो दिवसीय जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों,क्लबों एवं विद्यालयों से लगभग 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में अल्मोड़ा शहर,रानीखेत, चौखुटिया सहित जिले के विभिन्न ताइक्वांडो क्लबों एवं विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक, प्रशिक्षक,तकनीकी अधिकारी एवं खेल प्रेमी भी मौजूद रहे, जिसे खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।आयोजन समिति एवं डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष कमल कुमार बिष्ट (5वीं डिग्री ब्लैक बेल्ट),राष्ट्रीय गेम्स पदक विजेता एवं राष्ट्रीय रेफरी ताइक्वांडो प्रशिक्षक ने बताया कि यह प्रतियोगिता आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए आधिकारिक चयन प्रक्रिया का भी हिस्सा है।प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।एसोसिएशन के सचिव प्रदीप कुमार जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में कुंदन कुमार बिष्ट,उपाध्यक्ष हवालबाग मंडल उपस्थित रहे।आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ,प्रतीक चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत सम्मान किया गया।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला प्रतीक बिष्ट के बीच खेला गया,जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतीक बिष्ट ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर जीत हासिल की और अगले चक्र में प्रवेश किया।इस अवसर पर आशीष वर्मा, महेंद्र सिंह बिष्ट, संजय बिष्ट,चंदन बहुगुणा, मनका, सुनीता जोशी, मीरा रॉयल, गीता बिष्ट, दिनेश बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।निर्णायक मंडल में जे.पी. पंकज (पिथौरागढ़), शोभा बिष्ट (नैनीताल), किशोर कुमार (बागेश्वर), अनंत बिष्ट, दीक्षा कांडपाल (अल्मोड़ा) एवं रीना कश्यप (उधमसिंह नगर) शामिल रहे।मुख्य अतिथि कैलाश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने एवं बेहतर मंच प्रदान करने का कार्य करती हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ताइक्वांडो आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुका है,विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए यह खेल अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने आयोजन समिति एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उन्होंने प्रशिक्षक कमल कुमार बिष्ट के लगभग 35 वर्षों से ताइक्वांडो के प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में अनेक खिलाड़ियों ने राज्य,राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष कमल कुमार बिष्ट ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायक मंडल, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों, चिकित्सा एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *