

अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज छात्रों की गूंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मामले पर छात्रों की आवाज को मजबूती प्रदान करना तथा उनके विचारों को सुनना था।कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया गया और उन्हें शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा में छात्रों को संबोधित करते हुए दिए गए भाषण के प्रमुख अंश भी सुनाए गए।भाषण में छात्रों के भविष्य, शिक्षा प्रणाली की चुनौतियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ती अनियमितताओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देश के लाखों मेहनती छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ा है।वर्षों की कठिन मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग को मजबूती से उठाएगी।कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने भी विधायक मनोज तिवारी से अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए तथा मांग की कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
