


अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उत्तराखंड में यह अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।अभियान के तहत अल्मोड़ा जनपद में सेवा,जनकल्याण, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।इसी क्रम में भाजपा जिला अल्मोड़ा द्वारा आज प्रेस वार्ता आयोजित की गई।भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मीडिया को सेवा समर्पण के 25 वर्ष एवं सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी दी।जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि सेवा समर्पण के 25 वर्ष भाजपा की उस निरंतर यात्रा का प्रतीक हैं,जिसमें राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया गया है।सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं,बल्कि सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला व्यापक अभियान है।उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।इस अवसर पर रक्तदान,स्वच्छता अभियान, हवन-यज्ञ सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे।वहीं 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।इस अवसर पर आशीर्वाद का दिया जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा।इसके लिए 14 एवं 15 सितंबर को जिले में दीप वितरण कर आमजन से 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप जलाने का आग्रह किया जाएगा।सार्वजनिक, ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा।नमो सेवा गाथा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन,सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।इसी तरह आंगन का उत्सव में आंगनबाड़ी बहनों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि कहानी बदलाव की के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा।विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से आमजन को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा जाएगा।सेवा ज्योति यात्रा सेवा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाएगी।सेवा मेरा योगदान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समाज और राष्ट्र के लिए योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इसके साथ ही सेवा हेतु अभियान के अंतर्गत रक्तदान,स्वच्छता, जनजागरूकता एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रम होंगे।रंगोली कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं की नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान को जिला एवं मंडल स्तर तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।पार्टी पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता लाभार्थियों, युवाओं,महिलाओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जनपद में 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।हमारा संकल्प है सेवा भी, सहभागिता भी और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान भी।प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष महेश नयाल,पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान,मेयर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट,दर्जा मंत्री गोविंद पिलख्वाल,प्रदेश कार्यकारणी सदस्य रवि रौतेला,बिट्टू कर्नाटक, महामंत्री प्रकाश भट्ट,कैलाश गुरुरानी,मीडिया प्रभारी मनीष जोशी,बिपिन भट्ट,नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट,नीरज सांगा,शुभम रौतेला,अभिषेक तिवारी,पंकज रौतेला,आशीष डोगरा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
