




अल्मोड़ा-यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शनिवार को परिवहन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया।दिन और रात दोनों समय चले इस प्रवर्तन अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 40 चालान किए गए।अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग,बिना ड्राइविंग लाइसेंस,बिना टैक्स, बिना इंश्योरेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग के परिवहन अधिकारी अखिलेश चौहान एवं इंटरसेप्टर प्रभारी उप निरीक्षक सुमित पांडे के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान में टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।चेकिंग के दौरान किए गए कुल 40 चालानों में ओवरस्पीड के 15, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 5, बिना टैक्स के 5, बिना इंश्योरेंस के 4 तथा बिना हेलमेट के 6 चालान शामिल रहे।अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए भी जागरूक किया गया।परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार की प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।विशेष रूप से तेज रफ्तार,बिना लाइसेंस वाहन संचालन,बिना बीमा और हेलमेट के वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।प्रवर्तन कार्रवाई में परिवहन विभाग की ओर से परिवहन अधिकारी अखिलेश चौहान, प्रवर्तन चालक विपिन बिनवाल,प्रवर्तन सिपाही महेंद्र सिंह एवं प्रवीण पाठक तथा पुलिस टीम से इंटरसेप्टर प्रभारी उप निरीक्षक सुमित पांडे,प्रवर्तन सिपाही ललित आदि शामिल रहे।अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर निकलने से पहले अपने वाहन के आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लें और हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।तेज गति से वाहन चलाने से बचें और अपनी तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
