अल्मोड़ा-डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के तत्वावधान में आगामी 9 और 10 मई 2026 को जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।यह प्रतियोगिता अल्मोड़ा स्थित एलआरशाह रोड पर होटल शिवालिक इन के सभागार में आयोजित होगी।एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल कुमार बिष्ट (पांचवीं डिग्री ब्लैक बेल्ट, नेशनल रेफरी) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिले भर के ताइक्वांडो प्रशिक्षक,ताइक्वांडो स्कूलों के संचालक,क्लब, स्थानीय संस्थाएं,खिलाड़ी एवं प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।उन्होंने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है।पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 मई 2026 निर्धारित की गई है।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे,जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना,उनके कौशल को निखारना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप कुमार जोशी (ब्लैक बेल्ट) ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।राज्य ताइक्वांडो एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर दयाल सिंह फर्स्वाण,अध्यक्ष महेंद्र सिंह एवं सचिव रवि शंकर फर्स्वाण ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं इंडिया ताइक्वांडो के अध्यक्ष नामदेव ने उम्मीद जताई है कि प्रतियोगिता का स्तर उच्च रहेगा और चयनित खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता सभी आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी,जिसमें सब-जूनियर, कैडेट,जूनियर और सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे।मुकाबले क्योरगी (फाइट) और पुमसे (फॉर्म) दोनों वर्गों में कराए जाएंगे।एसोसिएशन ने जिले के सभी प्रशिक्षकों,क्लब संचालकों,खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर पंजीकरण कराकर प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग दें।
