अल्मोड़ा-नगर के ऐतिहासिक मल्ला महल में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक अल्मोड़ा लिट्रेचर फेस्टिवल (एएलएफ) का चौथा संस्करण आयोजित किया जाएगा।इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. वसुधा पंत ने बताया कि ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में साहित्य,सिनेमा, संगीत,पत्रकारिता और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।प्रमुख आकर्षणों में अभिनेता अनंत विजय जोशी,शास्त्रीय नृत्यांगना मालती श्याम और हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक रवि जोशी शामिल हैं।महोत्सव में पत्रकार कुलदीप मिश्रा,सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं लेखक संजीव चोपड़ा,गायक एवं रैपर रोहन पांगती और तरुण बिष्ट भी शिरकत करेंगे।इस दौरान साहित्यकार शैलेश मटियानी के हिंदी साहित्य में योगदान पर विशेष चर्चा होगी।हिमालयी पारिस्थितिकी,जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन पर पैनल चर्चाओं के साथ जयमित्र बिष्ट और हर्षित रौतेला के फोटो टॉक सत्र आयोजित किए जाएंगे।अल्मोड़ा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए इतिहासकार लोकेश ओहरी और छायाकार जयमित्र बिष्ट के नेतृत्व में चलमोड़ा और वॉक टू नौला हेरिटेज वॉक आयोजित होंगे।युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ओपन माइक और साइफर जैसे मंच उपलब्ध कराए जाएंगे।पैनल चर्चाओं के लगभग 70 प्रतिशत मॉडरेटर युवा होंगे।इसके अलावा एम्ब्रॉयडरी और मंडाला आर्ट की कार्यशालाओं के साथ फिल्मों एवं डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग भी होगी।इनमें उत्तराखंड के युवाओं द्वारा निर्मित अमरकथा अल्मोड़ा की रामलीला प्रमुख आकर्षण रहेगी।आयोजकों के अनुसार महोत्सव में 40 से अधिक सत्र होंगे।बच्चों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए कला, लोककथाओं,नुक्कड़ नाटक और ओपन माइक जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।प्रेसवार्ता में डॉ. दीपा गुप्ता,मनोज गुप्ता, हामिद अंसारी और विनायक पंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *