अल्मोड़ा-अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को नगर क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने देहरादून में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय के स्थानांतरण को लेकर लोगों में बनी असमंजस की स्थिति को रखा और सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की।मुलाकात के बाद पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया है कि अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय के स्थान परिवर्तन का सरकार का कोई विचार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर और सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है तथा जिला चिकित्सालयों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।कैलाश शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री से हुई वार्ता के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल लंबे समय से नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है और यहां सुविधाओं को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन से जिला चिकित्सालय के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट हुई है। साथ ही उन्होंने सरकार से अपेक्षा जताई कि अल्मोड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए चिकित्सकों, जांच सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का विस्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *