अल्मोड़ा-द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतंत्र में राजनीतिक विचारधाराओं का विरोध और समर्थन स्वाभाविक है,लेकिन किसी भी नेता के परिवार या दिवंगत पर इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करना न केवल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है बल्कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का भी अपमान है।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए क्योंकि उनके शब्द समाज पर गहरा प्रभाव डालते हैं।जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने इस मौके पर कहा कि राजनीति में विचारों का संघर्ष होना चाहिए न कि व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर कटाक्ष।उन्होंने कहा कि विधायक मदन बिष्ट का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।इस तरह की बयानबाजी समाज में वैमनस्य और गलत संदेश फैलाने का कार्य करती है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता ऐसे व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं करेगी और जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों लोगों की आशाओं और विश्वास का प्रतीक हैं।ऐसे में उनके स्वर्गीय पिता के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है लेकिन परिवार और दिवंगतों पर टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति में अस्वीकार्य माना जाता है।उन्होंने विधायक से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि यदि भविष्य में ऐसी भाषा का प्रयोग किया गया तो कार्यकर्ता और अधिक व्यापक स्तर पर विरोध दर्ज करेंगे।प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस लगातार राजनीतिक हताशा में इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रही है जो लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि जब विकास और जनहित के मुद्दों पर विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब इस तरह की अमर्यादित भाषा का सहारा लिया जाता है।कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा राष्ट्रहित,विकास और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की राजनीति करती आई है और आगे भी करती रहेगी।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अभद्र भाषा के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा।प्रदर्शन के अंत में विधायक मदन बिष्ट से तत्काल माफी मांगने की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। पुतला दहन एवं विरोध कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महेश नयाल,नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट,पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट,नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट,नगर अध्यक्ष महिला मोर्चा कमला तिवारी,मनोज सनवाल,संदीप श्रीवास्तव,मनोज जोशी,सौरभ वर्मा, पार्षद इन्द्रमोहन भंडारी,मनोज तिवारी,दीपा अधिकारी,ममता साह,नीरज सांगा,आशीष डोगरा,दीपक भंडारी,कमल वर्मा,रेखा देवी,दीपा जोशी,जगत तिवारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *