

अल्मोड़ा-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर इकाई द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों की सहायता के लिए संचालित हेल्प डेस्क लगातार 10वें दिन भी सक्रिय रहा।हेल्प डेस्क के माध्यम से परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया,विषय चयन,आवश्यक दस्तावेजों तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।शुक्रवार को हेल्प डेस्क का निरीक्षण करने विभाग संयोजक हर्षित लोहनी एवं विभाग संगठन मंत्री मनीष राय पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि नए विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए परिषद के कार्यकर्ता सेवा भाव से लगातार सहयोग कर रहे हैं।हर्षित लोहनी ने परिषद के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी की समस्याओं का धैर्यपूर्वक समाधान किया जाए तथा उन्हें विश्वविद्यालय की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।छात्र नेता रोहित कुमल्टा ने कहा कि इस वर्ष विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।परिषद के कार्यकर्ता उनकी हर संभव सहायता कर रहे हैं ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं और उनकी विभिन्न समस्याओं का समाधान किया।एबीवीपी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क आगामी दिनों में भी निरंतर संचालित रहेगा।इस अवसर पर छात्र नेता रोहित कुमल्टा, साहिल नेगी,विभाग संगठन मंत्री मनीष राय,चंदा,मनीषा, दीक्षा रौतेला,भास्कर, लक्ष्य, कार्तिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
