अल्मोड़ा-जनपद के समस्त नगर निकायों में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं नगर में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त किये जाने हेतु मंगलवार को नवीन कलैक्ट्रेट में जिलाधिकारी वन्दना द्वारा नगर पालिका,नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लक्ष्यों को तय समय के अन्तर्गत पूर्ण किया जाय और पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ अवश्य दिलाया जाय।उन्होंने निर्देश दिये कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया जाय तथा जिन योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है उन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जाय और कार्यों की प्रगति की सूचना जिला कार्यालय को अवश्य रूप प्रेषित की जाय।बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका व नगर पंचायत द्वारा कूड़ा प्रबन्धन के लिये किये जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि वार्डो को कलस्टर के आधार पर बांटा जाय और वार्डो हेतु अधिकारी नियुक्त किये जाय जो समय समय पर इन वार्डो की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि लोगों द्वारा जिन खुले स्थानों पर कूड़ा डाला जा रहा है उन लोगों पर जुर्माना लगाया जाय।उन्होंने कहा कि लोगों को गीला व सूखे कूड़े के प्रबन्धन के बारे में जागरूक किया जाय।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि नगर पालिका/नगर पंचायत अपने आय के स्रोतों बढ़ायें।इस बैठक में समस्त निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।