अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं दोपहिया वाहन चालकों तथा सहसवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्त थाना,कोतवाली एवं यातायात प्रभारियों को विशेष डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को जागरूक करने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।उक्त निर्देशों के क्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में दिनांक 13 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2026 तक जनपदभर में 10 दिवसीय विशेष डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान जनपद के समस्त कोतवाली, थाना तथा यातायात प्रभारी द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से आमजन को दोपहिया वाहन पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले सहसवार के लिए भी हेलमेट धारण करने की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया गया।अभियान के तहत थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को जागरूक किया गया।इसके साथ ही पुलिस वाहनों,आंचल दुग्ध वाहनों एवं कूड़ा वाहनों की उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार आमजन तक डबल हेलमेट का संदेश पहुंचाया गया।अल्मोड़ा नगर के विभिन्न तिराहों एवं चौराहों पर स्थापित पीए सिस्टम तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से भी समय-समय पर उद्घोषणा कर यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन में चालक के साथ पीछे बैठने वाले सहसवार व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के लिये जागरुक किया गया।साथ ही स्थानीय समाचार पत्रों एवं अल्मोड़ा पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, इंस्टाग्राम) के माध्यम से भी डबल हेलमेट पहनने की अनिवार्यता,सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में लगातार प्रचार-प्रसार किया गया।थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा अभियान के दौरान आमजन को अवगत कराया गया कि दिनांक 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले सहसवार व्यक्ति द्वारा हेलमेट नहीं पहनने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *