
अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में 16 से 22 नवंबर तक संचालित राज्यव्यापी एक सप्ताह के सघन निरीक्षण अभियान के तहत गुरुवार को लोधिया चेकपोस्ट और सोमेश्वर में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट एवं अखिलेश चौहान तथा ट्रैफिक पुलिस के दिनेश परिहार, तालिक हुसैन और इंदर भंडारी शामिल रहे। इस दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूल वाहनों, बसों, वैन सहित यात्री वाहनों का सघन निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस एवं परमिट की जांच की गई। इसके साथ ही स्कूल बसों में ओवरलोडिंग, प्राथमिक उपचार बॉक्स, निर्धारित दवाओं और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता भी परखी गई। अधिकारियों ने स्कूल वाहन चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अभियान के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र में स्कूल वाहनों सहित कुल 40 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 18 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को सीज किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
