अल्मोड़ा-आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी क्रम में कुमाऊं क्षेत्र के भ्रमण पर निकले यूकेडी के कुमाऊं सहसंयोजक चंदन लोधियाल ने अल्मोड़ा में प्रेसवार्ता कर संगठन की तैयारियों और आगामी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुमाऊं की विभिन्न विधानसभाओं में भ्रमण कर प्रत्याशियों की सक्रियता,संगठन के जनाधार और मजबूती की समीक्षा की जा रही है।इसी क्रम में अल्मोड़ा विधानसभा के कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लेकर संगठन की स्थिति का आकलन किया गया है।चंदन लोधियाल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले कुछ ही दिनों में कुमाऊं क्षेत्र से भाजपा और कांग्रेस के 4-5 प्रमुख नेता उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता लेने जा रहे हैं।इनमें दोनों राष्ट्रीय दलों से जुड़े ऐसे नेता भी शामिल हैं, जो अपनी पार्टियों की नीतियों और कार्यशैली से निराश हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही उत्तराखंड के वास्तविक विकास की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई हैं।ऐसे में क्षेत्रीय हितों की लड़ाई लड़ने वाले उत्तराखंड क्रांति दल को लोग एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहे हैं।उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 के लिए यूकेडी अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर चुका है, जबकि दूसरी सूची भी शीघ्र जारी होने वाली है।दूसरी सूची जारी होते ही कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी के साथ कई नए चेहरे जुड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि यूकेडी के प्रति जनता का नजरिया तेजी से बदल रहा है और आज पूरे प्रदेश में जय पहाड़,जय पहाड़ी का नारा जनभावनाओं से जुड़ रहा है। जनता अब उत्तराखंड क्रांति दल को तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है।अल्मोड़ा विधानसभा सीट को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से शीघ्र ही प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी।हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, संगठन के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अल्मोड़ा सीट पर यूकेडी बेहतर परिणाम हासिल करेगी।प्रेसवार्ता में यूकेडी जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय संगठन मंत्री त्रिलोक लटवाल, विनय किरौला, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *