अल्मोड़ा-पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।उन्होंने खेल सुविधाओं की बदहाली,अंकिता भंडारी प्रकरण और एक कैबिनेट मंत्री पर लगे 210 करोड़ रुपये के आरोपों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।टम्टा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।उन्होंने इन मामलों में सरकार से स्पष्ट जवाब देने के साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग की।प्रेस वार्ता में खेल सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए पूर्व सांसद ने खेल मंत्री को उनके ही विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में खेल मैदानों के निर्माण को लेकर घेरा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के दावे लगातार किए जा रहे हैं,लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।खेल मंत्री अपनी ही विधानसभा क्षेत्र में आवश्यक खेल मैदानों का निर्माण नहीं करवा पाई हैं।उन्होंने सवाल उठाया कि जब खेल मंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में ही खेल सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पा रहा है तो प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के दावों की वास्तविकता क्या है?उन्होंने कहा कि खेल मैदानों का अभाव ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर गंभीरता से काम करना चाहिए।अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी प्रदीप टम्टा ने सरकार और कैबिनेट मंत्री पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला पूरे उत्तराखंड की भावनाओं से जुड़ा बेहद संवेदनशील प्रकरण है।ऐसे गंभीर मामले में प्रदेश की जनता जवाब और पारदर्शिता की अपेक्षा करती है, लेकिन संबंधित कैबिनेट मंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जनता को यह जानने का अधिकार है कि इस संवेदनशील प्रकरण को लेकर सरकार और उसके प्रतिनिधियों का क्या रुख है।कैबिनेट मंत्री पर लगाए गए 210 करोड़ रुपये के आरोपों को लेकर भी पूर्व सांसद ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इतने बड़े वित्तीय आरोपों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि आरोपों की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच किसी भी दबाव से मुक्त होकर होनी चाहिए और यदि आरोपों में तथ्य हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी प्रदीप टम्टा ने कांग्रेस की संभावनाओं पर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता धामी सरकार से ऊब चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रमुखता से बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता से जुड़े मुद्दों,बेरोजगारी,विकास और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष है। कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाएगी और आगामी चुनाव में जनता के समर्थन से बहुमत प्राप्त करेगी।प्रेस वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल,अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज,महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी,पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *