
अल्मोड़ा-मानवता और जीव सेवा की एक सराहनीय मिसाल अल्मोड़ा के दुगालखोला क्षेत्र में देखने को मिली। पानी पार्क से नीचे दुगालखोला में एक गाय ने खुले स्थान पर अपनी बछिया को जन्म दिया। नवजात बछिया और उसकी मां के सामने खुले में रहने की चुनौती थी। इसकी जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और रेडक्रॉस के माध्यम से गाय और उसकी नवजात बछिया के लिए सुरक्षित आशियाने की व्यवस्था कराई।जिलाधिकारी के निर्देश पर रेडक्रॉस की टीम और स्थानीय लोग मौके पर जुटे। गाय और नवजात बछिया को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा उनके लिए उचित व्यवस्था करने में टीम को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार प्रयास,आपसी समन्वय और पशु सेवा के जज्बे के चलते आखिरकार गाय और उसकी बछिया को सुरक्षित आश्रय मिल गया।इस पूरे अभियान में रेडक्रॉस के चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जेसी दुर्गापाल,यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू,यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू,उपसचिव अभिषेक जोशी,पशु सेविका कामिनी कश्यप,पार्षद चंचल दुर्गापाल,रीता दुर्गापाल, संजय दुर्गापाल,विक्रम चौहान,विजय,मंजू गोस्वामी सहित स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस दौरान सभी ने मिलकर गाय और उसकी नवजात बछिया की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार चार घंटे तक प्रयास किए। टीम के सदस्यों ने कहा कि बेजुबान पशुओं की सेवा भी समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। जरूरत के समय किसी बेजुबान को सहारा देना ही सच्ची मानवता है।गाय और उसकी बछिया को सुरक्षित आशियाना मिलने के बाद रेडक्रॉस की टीम और स्थानीय लोगों ने तत्काल संज्ञान लेकर सहयोग करने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित किया कि प्रशासन,सामाजिक संगठनों और आमजन के सामूहिक प्रयास से बेजुबानों को भी सुरक्षित जीवन दिया जा सकता है।
