अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऑपरेशन भल छौ के तहत अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निवासरत एकल बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से नियमित संपर्क स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानने तथा आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उक्त निर्देशों के क्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत व सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों के नेतृत्व में अल्मोड़ा बीट पुलिस कर्मियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निवासरत एकल बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनसे मुलाकात की गई व बुजुर्गों को भरोसा दिलाया गया कि हमें अपना परिवार समझकर किसी प्रकार की समस्या से जरूर अवगत करायें हम हमेशा आपके साथ है।इस दौरान पुलिस टीम ने बुजुर्गों का हाल-चाल जाना तथा उनके स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।साथ ही उन्हें किसी भी आवश्यकता अथवा परेशानी के समय पुलिस से संपर्क करने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में ऑपरेशन भल छौ के दो दिवसीय अभियान के तहत जनपद के समस्त कोतवाली/थाना क्षेत्रों में 65 पुलिस कर्मियों ने 96 गांवों/मोहल्लों एवं अन्य स्थानों पर पहुंचकर 166 एकल बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों का हाल-चाल जाना।पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनके बीट अधिकारी,बीट प्रभारी एवं थाना संपर्क नंबरों के साथ आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट,नए आपराधिक कानूनों एवं अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के संबंध में जागरूक किया गया।उन्हें साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं आपदा हेल्पलाइन 1070 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।अल्मोड़ा पुलिस की इस आत्मीय पहल से वरिष्ठ नागरिकों एवं एकल बुजुर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस के इस मानवीय प्रयास की सराहना की और आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *