अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय परिसर, खेल मैदान, स्मार्ट क्लास सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय के स्वामित्व वाली समस्त भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराने के निर्देश दिए। खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे व्यवस्थित और विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित पुराने और जर्जर छात्रावास भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक एवं सुविधासंपन्न पुस्तकालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और उपयोगी पुस्तकों की सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित पुराने और अनुपयोगी शौचालयों को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली तथा कक्षाओं में उपलब्ध फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पिछले भ्रमण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थलीय समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षित गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, दशहरा समिति के पदाधिकारी अजीत सिंह कार्की एवं वैभव पांडे सहित अन्य अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
