अल्मोड़ा-जिलेभर में गुरुवार को भैया दूज का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर चहल-पहल रही। बहनों ने भाइयों को अक्षत लगाकर उनके सिर पर दूब और च्यूड़े रखे तथा उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि और सफल जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को स्नेह और शुभकामनाएं देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। भैया दूज के अवसर पर श्रद्धालुओं ने जिले के विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने धान से निर्मित च्यूड़े देवी-देवताओं को अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और ऐश्वर्य की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और धार्मिक वातावरण रहा। अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने नंदादेवी, त्रिपुरासुंदरी, कालिका देवी, शीतला देवी, उल्कादेवी, बद्रेश्वर, पातालदेवी, कमलेश्वर, बालेश्वर, बेतालेश्वर, वानड़ीदेवी, देवलीडाना और जगदंबा दरबार सहित विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर च्यूड़े चढ़ाए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पर्व को लेकर घरों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। महिलाओं ने पारंपरिक पकवान तैयार किए और परिवार के सदस्यों के साथ भैया दूज का त्योहार मनाया। पहाड़ की लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *