अल्मोड़ा-आगामी दिसंबर में अल्मोड़ा में दो दिवसीय विंटर कार्निवल का आयोजन किया जाएगा।कार्निवल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में आयोजन को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए प्रस्तावित गतिविधियों, व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावित विंटर कार्निवल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, म्यूजिक बैंड की प्रस्तुतियां, स्टार नाइट, फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि विंटर कार्निवल का आयोजन आकर्षक और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटक भी विभिन्न गतिविधियों का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति, कला और प्रतिभाओं को उचित स्थान दिया जाए, जिससे कार्निवल के माध्यम से अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान को भी बेहतर ढंग से सामने लाया जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की रूपरेखा तैयार करने तथा कार्यक्रम स्थलों के चयन, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि कार्निवल का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *