अल्मोड़ा-दीपावली के मौके पर अल्मोड़ा पुलिस ने 63 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस लौटाकर त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दीं।साइबर सेल और एसओजी की टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद दिल्ली,पंजाब,बिहार, हरियाणा,उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से करीब 9.45 लाख रुपये कीमत के 63 मोबाइल फोन बरामद किए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में साइबर सेल और एसओजी की टीम लंबे समय से गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चला रही थी।टीम ने तकनीकी माध्यमों की मदद से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए।इनमें उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद,नोएडा और बरेली समेत अन्य स्थानों तथा उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए मोबाइल भी शामिल हैं।शुक्रवार को दीपावली के अवसर पर पुलिस कार्यालय अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि फोन खोने के बाद उन्हें उसके वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी, लेकिन अल्मोड़ा पुलिस पर उनका भरोसा कायम रहा। मोबाइल बरामद होने से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ। मोबाइल स्वामियों ने साइबर सेल और एसओजी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।एसएसपी ने सभी मोबाइल स्वामियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर लोग तत्काल संचार साथी पोर्टल पर स्वयं शिकायत दर्ज कराएं।इसके साथ ही नजदीकी थाने या साइबर सेल को भी सूचना दें, ताकि मोबाइल की बरामदगी के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *