अल्मोड़ा-प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे भूमि बचाओ धामी हटाओ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया।धरने का नेतृत्व अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने किया।धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अल्मोड़ा नगर स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस और ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कटारमल स्थित गेस्ट हाउस को बेचने की कथित तैयारी पर कड़ा विरोध जताया। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा की सरकारी संपत्तियां जनता की धरोहर हैं और उनका निर्माण जनसुविधा तथा सार्वजनिक उपयोग के लिए किया गया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि किन परिस्थितियों में इन सरकारी परिसंपत्तियों को बेचने की तैयारी की जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों को बेचने के बजाय उनका बेहतर रखरखाव कर जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।जनता की संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के किसी भी प्रयास का कांग्रेस विरोध करेगी।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जल,जंगल, जमीन और संसाधनों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था। आज सरकारी संपत्तियों और भूमि को लेकर सामने आ रहे निर्णय गंभीर सवाल खड़े करते हैं।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा शहर और कटारमल के गेस्ट हाउस केवल भवन नहीं हैं,बल्कि इनका ऐतिहासिक,प्रशासनिक और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्व है।सरकार को इन संपत्तियों के भविष्य को लेकर जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।वक्ताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों,सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।उन्होंने मांग की कि अल्मोड़ा नगर और कटारमल के दोनों गेस्ट हाउसों को बेचने संबंधी किसी भी प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाई जाए और सरकार इस मामले में अपनी स्थिति सार्वजनिक करे।धरने की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की जबकि संचालन पीसीसी सदस्य पीतांबर पांडे ने किया। धरना कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी,राधा बिष्ट,दीवान राम,परितोष जोशी,दीप डांगी,किरन आर्य, प्रकाश चंद्र जोशी,शोभा जोशी,विनोद वैष्णव,एनडी पांडेय,आनंद बगड़वाल,बीके पांडेय,संजय दुर्गापाल,मनोज बिष्ट,अमित बिष्ट,पूरन रौतेला, पार्षद मुकेश कुमार,दीपक कुमार,वैभव पांडेय,विकास कुमार,अम्बी राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *