













अल्मोड़ा-जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों से निर्वाचन व्यवस्थाओं और प्रारंभिक तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर चर्चा की गई। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति, उनके कार्यों की निगरानी, मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुगम मार्गों की उपलब्धता और संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित निगरानी करने और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के सत्यापन के दौरान जो भी कमियां सामने आएं, उनका समय रहते निराकरण किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बीएलओ से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत रखने और निर्वाचन कार्यों में लगे सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और उपजिलाधिकारी संजय कुमार उपस्थित रहे, जबकि जनपद के अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
