








अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन एवं प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन अल्मोड़ा मोहित कुमार के नेतृत्व में दिनांक 23 अक्टूबर को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा 44 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।टीम में डॉ. ए के जोशी,डॉ. कीर्तिका भण्डारी, डॉ. प्रेरणा,लैब टेक्नीशियन एवं शिवानी,नर्सिंग ऑफिसर जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा शामिल रहे।शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर,शुगर,हाइपरटेंशन सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं।साथ ही आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करते हुए जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं।चिकित्सकीय टीम द्वारा पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार लेने,नियमित व्यायाम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहकर स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकें।इसके अतिरिक्त शिविर में रक्तदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया,जिसमें इच्छुक पुलिस कार्मिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
