अल्मोड़ा-दशहरा पर्व और नवरात्र के समापन पर मंगलवार को अल्मोड़ा नगर में दुर्गा माता की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।नगर के विभिन्न मोहल्लों से आकर्षक ढंग से सजाई गई झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।भजन-कीर्तन और माता के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।जगह-जगह लोगों ने झांकियों का स्वागत किया और माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों से माता की प्रतिमाओं को आकर्षक झांकियों में सजाकर शिखर तिराहे पर पहुंचाया गया।लक्ष्मेश्वर,चौघानपाटा,गंगोला मोहल्ला,खत्याड़ी समेत कई क्षेत्रों से झांकियां शिखर तिराहे पर एकत्र हुईं। इसके बाद सभी झांकियां मुख्य बाजार से होते हुए क्वारब स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल के लिए रवाना हुईं। झांकियों में की गई आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।भक्तों ने झांकियों पर फूल बरसाकर माता का स्वागत किया और प्रसाद ग्रहण किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर धार्मिक आस्था और उत्साह का परिचय दिया।नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना के बाद निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। शिखर तिराहे से मुख्य बाजार होते हुए झांकियां कोसी और सुयाल नदी के संगम स्थल क्वारब पहुंचीं।यहां विधि-विधान के साथ दुर्गा माता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि,खुशहाली और परिवारों की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *