अल्मोड़ा-विक्टोरिया प्रीमियर लीग में रविवार को खेले गए तीन मुकाबलों में यश सनशाइन वॉरियर, नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर और रॉयल क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज की। दिन के पहले मुकाबले में यश सनशाइन वॉरियर ने विक्टोरिया को सात विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने शिव शक्ति को 54 रन से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब ने अल्मोड़ा सर्विसेज को छह विकेट से पराजित किया। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर विक्टोरिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 123 रन बनाए। अमन बिष्ट ने 20 गेंदों में 43 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यश सनशाइन वॉरियर की टीम ने कुंदन के 32 गेंदों में बनाए गए 62 रनों की बदौलत 12.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दूसरे मुकाबले में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 144 रन बनाए। कमल भट्ट ने 39 गेंदों में 86 रन की शानदार पारी खेली। शिव शक्ति की ओर से गोविंद बिष्ट और भारत अधिकारी ने चार-चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शिव शक्ति की टीम 14.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 90 रन ही बना सकी। कमल भट्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरे मुकाबले में अल्मोड़ा सर्विसेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में आठ विकेट पर 128 रन बनाए। गजेंद्र बिष्ट ने 13 गेंदों में 23 रन बनाए। रॉयल क्रिकेट क्लब की ओर से नीरज बिष्ट ने तीन ओवर में 16 रन देकर चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम ने 13 ओवर में चार विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए जीत हासिल की। नीरज बिष्ट को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पहले मुकाबले में उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा के उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल मुख्य अतिथि रहे। दूसरे मुकाबले में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल और तीसरे मुकाबले में खत्याड़ी के ग्राम प्रधान एवं पूर्व क्रिकेटर देवेंद्र सिंह कनवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *