




अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के सभागार में जिला प्रशासन, पुलिस और दशहरा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्व प्रसिद्ध अल्मोड़ा दशहरा महोत्सव के सफल आयोजन,पुतलों के रूट,यातायात व्यवस्था, विद्युत तारों,सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।दशहरा समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष भी पुतलों का दहन स्टेडियम में ही किया जाएगा।बैठक का संचालन दशहरा महोत्सव समिति के सचिव वैभव पांडे ने किया।उन्होंने प्रशासन पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात उठाते हुए कहा कि विद्युत विभाग की ओर से भी पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरा महोत्सव के पुतलों का दहन हर हाल में स्टेडियम में ही सुनिश्चित किया जाएगा।दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की ने कहा कि वर्ष 2022 से पूर्व की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी विजय जोशी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स टैक्सी स्टैंड से पुतलों की यात्रा शुरू होकर स्टेडियम तक पहुंचेगी जहां पुतलों का दहन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि समिति ने सर्वसम्मति से स्टेडियम में ही पुतला दहन कराने का निर्णय लिया है। अब प्रशासन को आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करना होगा।बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा सड़कों के ऊपर झूल रहे विद्युत और संचार के तारों का रहा।पुतलों की ऊंचाई और निर्धारित मार्ग पर तारों की स्थिति को लेकर समिति के सदस्यों ने चिंता जताई।सदस्यों का कहना था कि दूरसंचार विभाग और केबल संचालकों के प्रतिनिधि बैठकों में शामिल नहीं होते, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।विद्युत विभाग के एसडीओ संतोष अग्रवाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां अलग हैं,जिसके कारण तारों को ऊपर करना आसान नहीं है।वहीं बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह ने सुझाव दिया कि चार दिन बाद दोबारा बैठक आयोजित की जाए ताकि यह समीक्षा की जा सके कि संबंधित विभागों ने समस्याओं के समाधान के लिए क्या कार्रवाई की है।सुशील साह ने तारों,पेड़ों और नगर निगम की लाइटों से जुड़ी व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी लेने की बात कही।बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी सहमति बनी।नगर कोतवाल योगेश उपाध्याय ने पुतला समितियों से निर्धारित समय पर आयोजन शुरू करने की अपील की।उन्होंने पुतलों की ऊंचाई और मार्ग में आने वाले तारों की समस्या का जिक्र करते हुए विद्युत विभाग से आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया,ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।पुलिस उपाधीक्षक विजय रावत ने आश्वासन दिया कि बैठक में सामने आई समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।तहसीलदार रवि साह ने कहा कि सभी समस्याओं को नोट कर उचित कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध दशहरा महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।बैठक में यह भी बताया गया कि अगले दिन संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं की समीक्षा की जाएगी।नगर कोतवाल योगेश उपाध्याय ने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।पुलिस अधिकारियों ने दशहरा समितियों से अपना रूट पहले से निर्धारित करने को कहा जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सके।सीओ अल्मोड़ा ने कहा कि पुतला समितियां अपने रूट की जानकारी समय से उपलब्ध कराएं ताकि पुलिस आवश्यक व्यवस्थाएं कर सके।उन्होंने आश्वासन दिया कि महोत्सव के दौरान व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।बैठक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रखने और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की बात भी कही गई। पुलिस की ओर से अग्निशमन वाहन,पर्याप्त पुलिस बल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया।तहसीलदार ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।पुतलों के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा और असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जाएगी ताकि महोत्सव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।बैठक में दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की, विधायक मनोज तिवारी,महापौर अजय वर्मा,आनंद सिंह बगड़वाल,कैलाश गुरुरानी, रवि रौतेला,ललित लटवाल, अशोक पांडेय,मनोज जोशी, प्रकाश भट्ट,सुशील साह, हितेश वर्मा हनी,धर्मेंद्र बिष्ट, दीपक कुमार,विनीत बिष्ट, कृष्ण बहादुर सिंह,आशीष गुरुरानी,कपिल मल्होत्रा, मनोज सनवाल,वैभव पांडे, नरेन्द्र बिष्ट,शरद अग्रवाल,व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, विनोद वैष्णव और अर्जुन सिंह बिष्ट सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।प्रशासन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक विजय रावत,नगर कोतवाल योगेश उपाध्याय,तहसीलदार रवि साह,एलआईयू इंस्पेक्टर भारद्वाज,सतीश चंद्र कापड़ी, यातायात प्रभारी सुमित पांडे तथा विद्युत विभाग के एसडीओ संतोष अग्रवाल, प्रमोद सिंह मेर और खजान डालाकोटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पुतला समितियों और दुर्गा समिति के सदस्य भी शामिल हुए।
