अल्मोड़ा-चौकी धारानौला कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस को अल्मोड़ा क्षेत्र में एक व्यक्ति कई दिनों से भटकता हुआ मिला।स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि उक्त व्यक्ति पिछले करीब 3 माह से अल्मोड़ा क्षेत्र में भटक रहा था।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में प्रभारी चौकी धारानौला आनंद बल्लभ कश्मीरा द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति के परिजनों की तलाश शुरू की गई।पुलिस टीम द्वारा लगातार 02 दिनों तक अथक प्रयास,स्थानीय स्तर पर पूछताछ एवं विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाते हुए उक्त व्यक्ति के घर-परिवार का पता लगाया गया। जांच के दौरान उसकी पहचान गोपाल कनौजिया उर्फ छोटू पुत्र शिव शंकर लाल कनौजिया, निवासी डिप्टी का पड़ाव, कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।इसके पश्चात अल्मोड़ा पुलिस द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर है तथा उसकी गुमशुदगी थाना रायपुरवा, कानपुर में दिनांक 07.07.2026 को दर्ज की गई थी।अल्मोड़ा पुलिस द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त व्यक्ति को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपने बिछड़े परिजन को सकुशल पाकर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *