अल्मोड़ा-सेवा,जनसरोकार और महिला एवं बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम अल्मोड़ा के न्यू कॉलोनी धारानौला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम अल्मोड़ा की नामित पार्षद बीना नयाल ने मुख्य विशेष अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, माताओं एवं स्थानीय महिलाओं की सहभागिता रही।इस अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य,पोषण,शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। वहीं महिलाओं को बच्चों के बेहतर पालन-पोषण तथा पोषण संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।मुख्य विशेष अतिथि बीना नयाल ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही मजबूत समाज की नींव है।आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बच्चों एवं महिलाओं तक सरकारी योजनाओं और पोषण संबंधी सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों और स्थानीय परिवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। साथ ही महिलाओं को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर भी मिलता है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यहां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ स्वास्थ्य तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है। ‘आंगन मिलन’ जैसे कार्यक्रम इन सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।इस दौरान स्थानीय महिलाओं और अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बच्चों से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने केंद्र में संचालित गतिविधियों और बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।स्थानीय लोगों ने भी इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *