

अल्मोड़ा-सेवा संकल्प अभियान के तहत अल्मोड़ा विधानसभा के हवालबाग, अल्मोड़ा ग्रामीण मंडल के ग्राम भुल्लुड्डा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और जनजागरूकता के क्षेत्र में इन कार्यकर्ताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।लटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार महिला एवं बाल कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इसी समर्पण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहें।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
