


अल्मोड़ा-नगर निगम में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं पर्यावरण मित्र बिमला देवी को नगर निगम परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर नगर निगम में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दोनों कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।नगर आयुक्त सुश्री सीमा विश्वकर्मा की पहल पर बिमला देवी को नगर निगम के वाहन को विशेष रूप से सजाकर उसमें बैठाकर सम्मानपूर्वक उनके घर भेजा गया। इसके साथ ही अवकाश के दौरान देय 6 लाख 67 हजार रुपये का चेक भी उन्हें सौंपा गया।इस पहल की सराहना करते हुए प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार ने नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारी नगर व्यवस्था में प्रथम पायदान पर खड़े होकर अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन उनकी भावनाओं और समस्याओं को समझने वाले अधिकारी बहुत कम होते हैं।राजपाल पवार ने कहा कि जब से नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने नगर निगम का कार्यभार संभाला है, तभी से उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास किया है। सेवानिवृत्त कर्मचारी को सम्मानपूर्वक विदाई देने और सजाए गए वाहन से घर भेजने की पहल इसका उदाहरण है।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बीच ऐसे अधिकारी हमेशा सम्मान और स्नेह के साथ याद किए जाते हैं। नगर आयुक्त की इस पहल से कर्मचारियों में भी खुशी और सम्मान की भावना देखने को मिली।कार्यक्रम में नगर निगम के कर्मचारियों एवं दोनों कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेवानिवृत्त पर्यावरण मित्र बिमला देवी के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
