






अल्मोड़ा-रामलीला मैदान ढूंगाधारा में जिला योजना मद से निर्मित स्वर्गीय राजेंद्र सिंह डोलिया की प्रतिमा का नगर निगम महापौर अजय वर्मा एवं नामित पार्षद जगमोहन सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से अनावरण किया।प्रतिमा निर्माण के लिए वर्ष 2022-23 में तत्कालीन जिला योजना सदस्य एवं सभासद रहे जगमोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों से जिला योजना मद से धनराशि आवंटित कराई गई थी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद आयोजित कार्यक्रम में विधिवत प्रतिमा का अनावरण किया गया।इस अवसर पर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह डोलिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद किया।प्रतिमा के अनावरण के साथ ही रामलीला मैदान ढूंगाधारा में लंबे समय से चली आ रही इस मांग को भी मूर्त रूप मिला।कार्यक्रम के दौरान नामित पार्षद जगमोहन सिंह बिष्ट ने नगर निगम महापौर अजय वर्मा को ज्ञापन सौंपकर रामलीला मैदान के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग की।ज्ञापन में मैदान में टाइल्स निर्माण,सौंदर्यीकरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मेकअप रूम का निर्माण कराने के लिए नगर निगम के माध्यम से बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।जगमोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि ढूंगाधारा का रामलीला मैदान क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। मैदान में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने से आयोजनों को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
महापौर अजय वर्मा ने ज्ञापन में रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित विकास कार्यों के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों के विकास और उन्हें बेहतर सुविधाओं से जोड़ने के लिए नगर निगम स्तर से आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद अमित साह मोनू, नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, संग्रहालय अधिकारी चंद्र सिंह चौहान, मानस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर कमल बिष्ट, नंदी डोलिया, सह नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी, सफाई निरीक्षक अंकित कुमार, बसंत बल्लभ पांडे, त्रिलोक रौतेला, सौरभ पांडेय, सोनू बिष्ट, मोहित बिष्ट, दीपू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
