





अल्मोड़ा- सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल 21 सितंबर 2026 को पूर्ण हो रहा है। इसके बाद वह 22 सितंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति का दायित्व संभालेंगे।एसएसजे विश्वविद्यालय के संस्थागत विकास के महत्वपूर्ण दौर में प्रो. बिष्ट के कार्यकाल में चारों परिसरों अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में अवस्थापना विकास, शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया गया। चारों परिसरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹200 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव शासन को भेजे गए, जबकि पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत परिसरों के लिए 244 शिक्षकीय एवं शिक्षणेत्तर पदों का सृजन हुआ।अल्मोड़ा परिसर में भी 89 शैक्षणिक पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया। शोध एवं नवाचार, एनईपी-2020 के अनुरूप अकादमिक सुधार, परीक्षा परिणामों में समयबद्धता तथा विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया गया। 18 जून 2026 को विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित होना भी उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रो. बिष्ट के कार्यकाल में संस्थागत, अकादमिक एवं अवस्थापना विकास के लिए किए गए प्रयासों के प्रति आभार जताते हुए उनके आगामी दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
