
अल्मोड़ा-विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जीवनधाम अल्मोड़ा में मातृशक्ति सम्मान समारोह एवं कमला नेहरू पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय की 90 सर्वश्रेष्ठ मेधावी छात्राओं की माताओं को सम्मानित करते हुए प्रत्येक को एक हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों एवं मेधावी छात्राओं की माताओं का स्वागत करते हुए सम्मान समारोह को विद्यालय परिवार के लिए गौरवान्वित करने वाला पल बताया।प्रधानाचार्या एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अतिथियों का बैज अलंकरण, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अजय वर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं की प्रथम गुरु उनकी मां होती हैं। मां बच्चों को जीवन के प्रारंभिक संस्कार देती हैं, जबकि विद्यालय में गुरुजन शिक्षा के साथ संस्कारों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व एवं शैक्षिक विकास को मजबूत करते हैं। उन्होंने संस्कारवान शिक्षा प्रदान करने के लिए विद्यालय परिवार की सराहना की।महापौर ने विद्यालय परिसर में एक वाटर कूलर तथा चार सोलर लाइट लगाने की घोषणा भी की।अति विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि मेधावी छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उनकी माताओं को सम्मानित किया जाना बेहद गौरव का विषय है। उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी दी और छात्राओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि एकल परिवार अंचल अध्यक्ष त्रिलोचन जोशी ने कहा कि राष्ट्र के मजबूत निर्माण के लिए बच्चों का संस्कारवान एवं शिक्षित होना आवश्यक है।आज विज्ञान, स्वास्थ्य,शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा महानगर में बालिका शिक्षा के लिए पांच इंटर कॉलेजों का सफल संचालन सराहनीय पहल है। एक बालिका को उचित शिक्षा मिलने से उसके परिवार के साथ ही समाज और राष्ट्र को भी नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग सकारात्मक पहल का उदाहरण है।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं पार्षद श्याम पाण्डेय, जगत भट्ट, शिक्षिका चम्पा रावल, मुकेश बनकोटी, लता तिवारी, आंचल ढोंढियाल, भगवती खोलिया, दीप्ति रावत, स्मिता जोशी, मनोज पाटनी, दीपा गड़िया, श्वेता उपाध्याय, दीप्ति पाण्डेय, वंदना जोशी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनीता जडौत ने किया।
