



अल्मोड़ा-सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अब प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने घर के आगे दिया जलाकर फोटो-वीडियो साझा करने के फरमान का कांग्रेस ने विरोध किया है। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर जिसने जीवन संवारा,उसे आशीर्वाद हमारा थीम के तहत यह कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए हैं।इसके लिए विभागीय अधिकारियों को व्यापक कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया है।करदाताओं के गाड़ी कमाई के पैसों से योजनाएं चल रही है।पीएम इसके बाद भी अपना पीआर कराने में लगे हैं।जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन, सीएलएफ, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी, वीवीजी रामजी के अंतर्गत रोजगार सहायक तथा अन्य सरकारी योजनाओं से आच्छादित लाभार्थी अपने घर के आगे शाम सात बजे दीप प्रज्वलित करेंगे।दीप जलाते हुए फोटो और वीडियो भी साझा करने को कहा गया है।भोज ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इस तरह दीप जलाने के निर्देश ने सरकारी योजनाओं की प्रकृति और उनके राजनीतिक प्रचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि जिन योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को दिया जा रहा है, क्या उन्हें किसी व्यक्ति विशेष के प्रति कृतज्ञता प्रदर्शन से जोड़ना उचित है?जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लिए धन प्रधानमंत्री या किसी नेता की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि सरकार के बजट और करदाताओं के पैसे से आता है। लाभार्थी को मिलने वाला आवास, रोजगार, सहायता या अन्य सुविधा उसका अधिकार और सार्वजनिक नीति का परिणाम है। ऐसे में सरकारी योजना के लाभ को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से जोड़कर दीप जलवाने और उसकी तस्वीरें मंगाने की कवायद को योजना के लाभ से अधिक राजनीतिक छवि निर्माण के तौर पर भी देखा जा रहा है। अगर यह आदेश रद नहीं होता तो आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा।
