

अल्मोड़ा-नगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत किए जाने की मांग को लेकर रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ अल्मोड़ा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नगर क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख बाजारों,सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि अल्मोड़ा नगर में देर रात तक लोगों का आवागमन बना रहता है। इसके अलावा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारी,कर्मचारी, विद्यार्थी एवं आम नागरिक देर रात तक आवाजाही करते हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से रात्रि के समय पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि नियमित रात्रि गश्त से असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा आम नागरिकों में भी सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।प्रतिनिधिमंडल ने सीओ से आग्रह किया कि नगर के मुख्य बाजारों के साथ ही सुनसान मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां नियमित अंतराल पर पुलिस गश्त कराई जाए। साथ ही देर रात संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई।रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। रेडक्रॉस हमेशा सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी भूमिका निभाता रहा है। नगरवासियों की सुरक्षा भी इसी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की नियमित एवं प्रभावी रात्रि गश्त से न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि लोगों का पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा।सीओ अल्मोड़ा ने रेडक्रॉस प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है तथा रात्रि गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।प्रतिनिधिमंडल ने आगामी मां नंदा देवी मेले को देखते हुए नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किए जाने की भी मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है तथा देर रात तक बाजार एवं मेला क्षेत्र में चहल-पहल बनी रहती है। ऐसे में अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए मेले की अवधि में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही मुख्य बाजारों के अलावा नगर की गली-कूचों, आंतरिक मार्गों और सुनसान क्षेत्रों में भी नियमित रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके और श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।इस अवसर पर रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा,प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, वरिष्ठ सदस्य हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू, यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू तथा यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी मौजूद रहे।
