अल्मोड़ा-जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सोमवार को विकासखंड लमगड़ा के चायखान स्थित वन विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) से जुड़े पूर्व विधायक प्रत्याशी शंकर लाल टम्टा समेत 238 से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने किया। कांग्रेस में शामिल होने वालों का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल ने किया। इस दौरान भाटकोट, भांगादेवली, नाटाडोल, मलाड़ी, ढैली, बलमा, नौरा मूंगल, अनुली, तोली खर्सू, टकोली, गौना, बड़्यूड़ा, खिरोली, अनरियाकोट, उज्योला, रतखान-रालाकोट, सत्यों, भैंसोड़ा, ध्युलीरौतेला, लमकोट, रणाऊ, कनरा, बोरा गांव, स्यूनानी, तिवारी जाख, धुरा संग्रोली और बजेठी समेत 28 गांवों के लोग कांग्रेस से जुड़े। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों पर जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी क्षेत्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धौलादेवी लीला बिष्ट, प्रदेश सचिव गोपाल बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र मेर, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीवान राम, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नवीन कोहली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *