अल्मोड़ा-लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा ने रविवार को दुगालखोला वार्ड का भ्रमण कर बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।महापौर ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।भारी बारिश के बीच महापौर के वार्ड में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।लोगों ने बारिश के दौरान जलभराव,रास्तों की स्थिति,नालियों की सफाई, मलबा आने तथा अन्य संभावित परेशानियों को लेकर अपनी चिंताएं महापौर के सामने रखीं।महापौर ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया।निरीक्षण के दौरान महापौर अजय वर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।किसी भी क्षेत्र में बारिश के कारण समस्या उत्पन्न होने पर नगर निगम की टीम को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।महापौर ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील एवं खतरे वाले स्थानों पर न जाएं और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या समस्या सामने आने पर तत्काल नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से बारिश से उत्पन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।इस दौरान पार्षद चंचल दुर्गापाल, प्रतिनिधि संजय दुर्गापाल सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।पार्षद एवं स्थानीय लोगों ने भी महापौर के समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। महापौर ने कहा कि नगर निगम स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान तत्काल किया जा सकता है, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी,जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।भारी बारिश के बीच महापौर के स्थलीय निरीक्षण को स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण बताया।लोगों का कहना था कि बारिश के दौरान मौके पर पहुंचकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति देखे जाने से संबंधित कार्यवाही में तेजी आने की उम्मीद है।नगर निगम प्रशासन ने भी बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *